पंचमुखी मंदिर में आयोजित सर्व वर्ग किसान सम्मेलन में पहुंचे थे एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। पंचमुखी शिव मंदिर में मंगलवार को सर्व वर्ग किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एमएलसी अरविंद शर्मा ने कहा कि केवल और केवल भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जो सभी वर्गों को एक साथ जोड़ कर चलने का काम कर रही है। किसानों की आय दुगनी करना ही भाजपा का लक्ष्य है।
एमएलसी अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के हितों को ध्यान में रखकर कृषि कानून लेकर आए थे, लेकिन आज कृषि कानूनों पर ऐसे लोग सवाल उठा रहे है और ज्ञान बांट रहे हैं जो टमाटर और प्याज में अंतर तक नहीं जानते। उन्होंने कहा कि 70 साल में पिछली सरकारों ने किसानों के लिए क्या अच्छा कार्य किया? क्यों किसानों की आय दोगुनी नहीं की गई? क्यों किसानों को उनकी फसलों के वाजिब दाम समय पर नहीं दिलाए गए। कहा कि पिछली सरकार में भी कानून वापस हुए हैं, लेकिन अंतर यह है कि उनकी सरकारों में बंदूकों के बल पर कानून वापस लिए हुए और भाजपा की सरकार में देश के प्रधानमंत्री ने माफी मांगकर कानून वापस लिए।
झारखंड के विधायक धूलू महतो ने कहा कि भाजपा की नीतियों से झारखंड का प्रत्येक व्यक्ति सुख की नींद सो रहा है। पूर्व विधायक एवं मंत्री मुकुल उपाध्याय ने कहां की भाजपा सरकार में जितने फैसले लिए गये है, वे सब फैसले किसान हित में लिए गए है। किसानों की सुरक्षा के लिए भाजपा सरकार वचनबद्ध है। दीपक शर्मा एडवोकेट ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर वर्ग के हितों में काम कर रही है।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट दीपक शर्मा, राधेश्याम शर्मा व मनु तिवारी ने सभी अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। नन्हें बच्चों आहना तिवारी व अनंत तिवारी ने एके शर्मा व मुकुल उपाध्याय को गुलदस्ता भेंट किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांती त्यागी एवं संचालन राधेश्याम शर्मा ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल सिंह, पहलवान सुभाष तोमर, अनिल तोमर, अनीता खोखर, महंत बिंदू, अमित वशिष्ठ, राधेश्याम भारद्वाज, पवन शर्मा, विशाल भारद्वाज, प्रधानाचार्य सेवाराम शर्मा, दिनेश शर्मा, अशोक भारद्वाज, सुभाष त्यागी, प्रभात स्वामी, विशाल शर्मा, पंडित पंकज अगस्य, अमित मिश्रा, संजय त्यागी, शिवम, राहुल चौधरी, राधेश्याम शर्मा शामिल रहे।