बागपत। आचार संहिता लागू होने के बाद 24 घंटे में नेताओं के होर्डिंग और पोस्टर उतारने, वॉल पेंटिंग कराने के दावे हवाई साबित हुए हैं। अब भी जगह-जगह राजनीतिक दलों की प्रचार सामग्री लगी हुई है। पुलिस-प्रशासन ने 24 घंटे में प्रचार सामग्री हटाने और आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करने के दावे किए थे, लेकिन हकीकत में ऐसा कहीं नजर नहीं आया।
आचार संहिता लगते ही विधानसभा चुनाव 20171 का शंखनाद हो गया है। जिले के प्रशासनिक अौर पुलिस अधिकारियों ने सरकारी, प्राइवेट और बिजली के खंबों से पार्टियों के होर्डिंग और पोस्टरों को हटाने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन जनपद में अभी भी यह प्रभावी ढंग से होती नजर नहीं आ रही है।
दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे के किनारे कलक्ट्रेट और जिला अस्पताल के आसपास प्रचार सामग्री अब भी लगी हुई नजर आई। सिसाना गांव स्थित प्राथमिक पाठशाला की दीवार पर भी राजनीतिक दलों ने अपना प्रचार किया हुआ है।
गेस्ट हाउस के सामने ही बिजली के खंभे पर विधायक का होर्डिंग लगा है। इन स्थानों पर अब तक प्रशासनिक अौर पुलिस अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है। यही नहीं, निजी संपत्तियों पर भी वॉल पेटिंग अब तक दिख रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र में भी नेताअों के प्रचार सामग्री को हटाया नहीं गया ।
बड़ौत/ बिनौली। चुनाव आचार संहिता लग जाने के दूसरे दिन भी पुलिस-प्रशासन ने लगे विभिन्न पार्टियों के होर्डिंग, पंप लेट, बैनर हटवाए और दीवारों पर लिखी प्रचार सामग्री को भी साफ कराया। एसडीएम दीपाली कौशिक और सीओ कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने बिजरौल रोड, बावली रोड, छपरौली रोड, दिल्ली रोड, अमीनगर सराय रोड, कोताना व अन्य स्थानों पर लगे विभिन्न पार्टियों की प्रचार सामग्री हटवाई। वहीं दीवारों पर लगे प्रचारों को भी साफ कराया। एसडीएम ने कहा किसी भी हाल में सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी पार्टी के प्रत्याशी के होर्डिंग और अन्य प्रचार सामग्री नहीं लगने दी जाएगी। चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन कराया जाएगा।
बिनौली थाना क्षेत्र के कई गांवों में प्रशासनिक अधिकारियों ने अभियान चलाकर राजनीतिक नेताओं के होर्डिंग उतारे। साथ ही लोगों को आचार संहिता का उल्लंघन न करने के निर्देश दिए। बीडीओ बिनौली हनुमान प्रसाद, एडीओ सहकारिता योगेंद्र मलिक, कानूनगो उमर मोहम्मद और बिनौली थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से बिनौली और बरनावा गांव में अभियान चलाकर राजनीतिक दलों के होर्डिंग और पोस्टर उतारें। यहीं नहीं दीवारों पर वॉल पेंटिंग कराई।
थाना दोघट अौर छपरौली क्षेत्र में पुलिस अौर प्रशासनिक अधिकारी राजनेताअों अौर सरकार की प्रचार सामग्री को हटाने में जुटे रहे। कई स्थानों पर दीवारों की पुताई भी कराई। खेकड़ा में चुनाव प्रचार सामग्री हटाने का अभियान चला। इसके अलावा देहात क्षेत्र में सरकारी अौर राजनेताअों की प्रचार सामग्री को नहीं हटाया गया।