बागपत के रमाला मिल में शनिवार को नए पेराई सत्र के मिल गेट पर गन्ने की तौल शुरू हो गई। रविवार से मिल में पेराई शुरू की गई। बागपत शुगर मिल में भी रविवार से पेराई सत्र शुरू कर दिया गया। दोनों मिलों ने फिलहाल गेट का तीन-तीन दिन का इंडेंट जारी किया है। शीघ्र ही क्रय क्रेंद्रों का इंडेंट जारी कर तौल शुरू की जाएगी। मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ किया गया। मिल अधिकारियों ने हवन पूजन के बाद गन्ना लेकर पहुंचे किसानों को सम्मानित किया गया ।
जिला गन्ना अधिकारी डॉ. अनिल कुमार भारती ने बताया कि रविवार से बागपत शुगर मिल में पेराई शुरू की गई। फिलहाल तीन दिन का मिल गेट का इंडेट जारी किया गया है। शीघ्र ही केंद्रों का इंडेंट जारी कर क्रय केंद्रों पर तौल शुरू कराई जाएगी। रमाला सहाकरी चीनी मिल के प्रबंधक डॉ. आरबी राम ने बताया कि रविवार को मिल में पेराई शुरू कर दी गई। मिल की ओर से दो नवंबर को तीन दिन का गेट का इंडेंट जारी किया गया है।
तीन दिन में मिल में एक लाख 20 हजार क्विंटल गन्ने की तौल की जाएगी। शनिवार से मिल गेट पर तौल शुरू की गई। पहले दिन मिल गेट पर 40 हजार क्विंटल गन्ने की तौल हुई। मिल की ओर से आठ नवंबर तक का इंडेट जारी किया गया है। गन्ने में रिकवरी कम होने के कारण क्रय क्रेद्रों के इंडेंट जारी नहीं किए गए है। रिकवरी बढ़ने पर क्रय केंद्रों के इंडेंट जारी कर तौल शुरू कराई जाएगी।