बागपत में तहसील के सबरजिस्ट्रार संजीव भटनागर के रिश्वत लेते हुए वायरल वीडियो के प्रकरण को लेकर जिला अधिकारी राजकमल यादव ने कार्रवाई की है। डीएम ने तत्काल एक्शन लेते हुए इस संपूर्ण प्रकरण की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह को जांच अधिकारी बनाया है। जांच अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डीएम द्वारा सबरजिस्टार खेकड़ा संजीव भटनागर को एआईजी स्टांप कार्यालय से संबद्ध किया है।
डीएम राजकमल यादव ने बताया कि इस प्रकरण में यदि तथ्य सत्य पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि गलत कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें: यूपी: कैराना में गरजे सीएम योगी, बोले- किसी अपराधी ने दुस्साहस किया तो दूसरे लोक भेज देंगे
ये था मामला
राजस्व निरीक्षक के बाद अब तहसील के सबरजिस्ट्रार की रुपये लेते हुए वीडियो वायरल हुई है। इसमें सब रजिस्ट्रार प्लाट का एक बैनामा कराने के नाम पर पांच हजार रुपये लेते हुए नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: मौत का खौफ: कैंसर ने छीनीं इतनी जिंदगियां, हर तरफ फैला डर... जान की दुश्मन बनी ये बड़ी वजह, सरकार से मदद की गुहार
खेकड़ा तहसील पिछले कुछ दिनों से आरोपों से घिरी हुई है। तीन दिन पूर्व तहसील के राजस्व निरीक्षक की जमानती हैसियत प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर रुपये लेते हुए वीडियो वायरल हुई थी। इसमें वह जमानतियों के कागजों की वेरिफिकेशन के लिए 500 रुपये लेते नजर आ रहे थे। वहीं मंगलवार को खेकड़ा तहसील के सबरजिस्ट्रार की रुपये लेते हुए वीडियो वायरल हो गई। इसमें वे प्लाट का बैनामा कराने के नाम पर पांच हजार रुपये लेते हुए नजर आ रहे हैं। खेकड़ा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेटे सुधीर धामा का कहना था कि खेकड़ा तहसील के अधिकारी और कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त है। शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबा देते हैं। उधर, सब रजिस्ट्रार का कहना है कि आरोप निराधार है। ऐसा कोई मामला नहीं है।