बागपत। गांगनौली गांव के मावा व्यापारी आसू के परिवार पर पड़ोस के लोगों ने हमला किया। इससे दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने उनको शिकायत कराने के लिए थाने में भी नहीं जाने दिया। इससे पीड़ित परिवार दहशत में है। पीड़ित परिवार ने एसपी दफ्तर में पहुंचकर आरोपियों की शिकायत की है।
आसू पुत्र शाहिद ने बताया उनके मकान की दीवार से पड़ोसी मकान में एक ईंट गिर गई थी। इसी को लेकर मंगलवार की रात में पड़ोस के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने पूरे परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें वह स्वयं, उसकी माता नसीमा और भाभी सम्मो घायल हो गई। आरोपियों ने दोघट थाने में शिकायत करने भी नहीं दी। आरोपी रास्ते में लाठी-डंडे लेकर बैठ गए। धमकी दी यदि पुलिस से शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा। उल्टा उनको आरोपी केस में फंसाने के प्रयास में लगे है। उन्होंने किसी तरह बुधवार को एसपी दफ्तर में पहुंचकर अपनी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।