शिक्षकों की यूनिक आइडेंटिटी के लिए 25 तक करना ब्यौरा करना होगा अपलोड
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के पारिश्रमिक के ऑनलाइन भुगतान के लिए उनकी यूनिक आइडेंटिटी जारी की जाएगी। परिषद ने 25 फरवरी तक शिक्षकों का ब्यौरा वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए है। शनिवार को डीआईओएस ने शिक्षकों का ब्यौरा वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए प्रभारी व सहायक नियुक्त किए है।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि शिक्षकों का ब्यौरा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए एक प्रभारी और एक सहायक नियुक्त किया गया है। राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों का ब्यौरा अपडेट करने के लिए राजकीय हाईस्कूल फतेहपुर पुट्ठी की प्रधानाचार्या रेखा सिंह को प्रभारी व सहायक अध्यापक रविंद्र सैनी और राजकीय हाईस्कूल अहेड़ा के कनिष्ठ सहायक अंकुर शर्मा को सहायक बनाया गया है। अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के लिए राजकीय हाईस्कूल मुबारिकपुर की प्रधानाचार्या रीता राठौर प्रभारी व सहायक अध्यापक तनु धामा व राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बड़ौत के कनिष्ठ सहायक अनुज कुमार को सहायक बनाया गया। वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों व कर्मचारियों का ब्यौरा अपलोड करने के लिए राजकीय कन्या इंटर कालेज तुगाना की प्रधानाचार्या गीता शर्मा को प्रभारी, सहायक अध्यापक रेनु और राजकीय हाईस्कूल बसौद के कनिष्ठ सहायक कालूराम को सहायक नियुक्त किया गया है। सभी प्रभारी और सहायकों को 25 फरवरी तक शिक्षकों व कर्मचारियों का ब्यौरा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए है।