असारा गांव में असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा और सपा पर बोला हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला (बागपत)। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव मुस्लिमों को धोखा दे रहे है। वह अल्पसंख्यक नेताओं को टिकट नहीं देकर एमएलसी बनाने का झूठा वादा कर रहे है, इसलिए किसी को उनके बहकावे में नहीं आना है। योगी भी झूठे वादे कर रहे है।
शनिवार को असारा गांव में जनसभा में संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि भाजपा सरकार विकास का नारा देती थी, लेकिन वह यहां के लिए कुछ नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि मोदी की तरह योगी भी झूठे वादे कर रहे है। कहा कि कोविड के दौरान तब्लीगी जमात के लोगों को बदनाम करके परेशान किया गया। तब भी उप्र में केवल हमने उनकी आवाज को उठाया था। उन्होंने कहा कि वह सपा, रालोद, भाजपा के नाम पर नहीं, बल्कि अल्लाह के करम पर जिंदा है। उन पर गोली चलवाने वाले वही लोग है, जिन्होंने गांधी का कत्ल किया था। ओवैसी ने कहा कि वह भाजपा की आंख में आंख डालकर हक की बात करते है, इसलिए उन पर गोली चलाई गई। उन्होंने कभी सुरक्षा नहीं ली और वह कभी सुरक्षा लेंगे भी नहीं। साथ सपा व रालोद व हमला बोलते हुए कहा कि यह दोनों लड़के सीएए पर कुछ नहीं बोले। उस कानून की प्रति केवल हमने फाड़ी थी। कहा कि सपा से टिकट नहीं मिलने वाले नेताओं को हम कंधे पर बैठाएंगे, जबकि अखिलेश के पास वह डूब जाएंगे।
इस दौरान औरंगाबाद से सांसद इम्तियाज जलील, महताब, अनीश अहमद, आबिद, नावेद, सद्दाम, उसामा पहलवान आदि मौजूद रहे।