- चुनाव में बांटने को हरियाणा से तस्करी करके मंगवाई थी शराब, पिलाना भट्ठे पर एसटीएफ ने पकड़ी थी 820 पेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय (बागपत)। चुनाव में बांटने के लिए हरियाणा से तस्करी करके शराब मंगवाने वाले तस्कर प्रवीण उर्फ बब्बू ढिकौली और सुनील उर्फ भगत करनावल पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इसके साथ ही दोनों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश डाल रही है।
एसटीएफ मेरठ और सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने पिलाना भट्ठे के पास एक ट्रक और गाड़ी से 30 जनवरी को शराब की 820 पेटी बरामद की थी। इस शराब को हरियाणा के सोनीपत जिले के सिसाना गांव में बने गोदाम से तस्करी करके लाया गया था। आबकारी निरीक्षक अरविंद ने इस शराब को अवैध बताया था। बोतलों पर ओएसडी कैंटीन का नकली रेपर लगाया गया था। पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि इनके सहित 11 पर मुकदमा किया गया था। इनमें ढिकौली का प्रवीण उर्फ बब्बू चेयरमैन व सुनील उर्फ भगत निवासी करनावल जिला मेरठ भी शामिल था।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि शराब तस्करी में शामिल आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार जगह-जगह दबिश दे रही हैं। इस मामले में मुख्य तस्कर प्रवीण उर्फ बब्बू व सुनील उर्फ भगत पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। इनके अनुसार दोनों को जल्द गिरफ्तार करके अन्य खुलासे किए जाएंगे।