उत्तर प्रदेश के बड़ौत में जनता वैदिक महाविद्यालय के मैदान पर शुक्रवार को फसल क्रांति फाउंडेशन के तत्वावधान में दो दिवसीय कृषि मेले का आयोजन किया गया। कृषि मेले के पहले दिन काफी संख्या में किसानों ने भाग लिया। मेले में ड्रोन व ट्रैक्टर आर्कषण का केन्द्र बने रहे। वहीं सांसद ने किसानों से आधुनिक तकनीक से खेती करने का आह्वान किया।
मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि बागपत सांसद डा़ सत्यपाल सिंह व फाउंडेशन के संस्थापक राजवीर सिंह, पूर्व प्रधान बासौली कुलदीप तोमर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर सांसद डा़ सत्यपाल सिंह ने कहा कि अगर किसानों को आगे बढ़ना है तो समय के साथ चलकर कृषि करनी चाहिए।
इस अवसर पर मेले में आए कृषि वैज्ञानिकों ने कैसे कम पानी में खेती की जाए, कम लागत के अंदर खेत को जोता जाए आदि की जानकारी दी। मेले में जहां केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी स्टॉलों के माध्यम से किसानों को दी गई। वहीं किसानों ने उन्नत खेती की तकनीक और ड्रोन से नैनो यूरिया का छिड़काव सीखा।
मेले में लगी 110 से अधिक स्टॉल में खाद, कीटनाशक, मशीनीरी के अलावा कृषि यंत्रों और उन्नत फसलों की जानकारी दी गई।