बागपत। दिल्ली की एक युवती ने कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले तीन बच्चों के पिता पर फेसबुक पर दोस्ती करने के बाद झूठ बोलकर शादी करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवक ने उसके साथ संबंध भी बनाए और उसका गर्भपात भी कराया। युवती ने कोतवाली पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
दिल्ली की रहने वाली युवती ने कोतवाली पर शिकायत देकर बताया कि उसकी कुछ समय पहले फेसबुक पर बागपत के एक गांव के रहने वाले युवक के साथ दोस्ती हो गई। आरोप है कि युवक ने खुद के शादीशुदा व तीन बच्चों का पिता होने की बात छुपाई और उससे मंदिर में जाकर शादी कर ली। जब वह युवक काफी समय तक उसके पास नहीं आया तो वह उसके गांव पहुंची। जहां उसकी पत्नी व तीन बच्चे भी मौजूद मिले। आरोप है कि उससे झूठ बोलकर शादी करने के साथ ही संबंध बनाए और उसका गर्भपात भी कराया। इंस्पेक्टर अजय शर्मा का कहना है कि शिकायत की जांच के अनुसार कार्रवाई कराई जाएगी।
---
हाईवे पर हादसे में मां-बेटा घायल
बागपत। गौरीपुर गांव निवासी महिला दीपा अपने आठ वर्षीय बेटे अमन के साथ रविवार सुबह हाईवे के पास से गुजर रही थी। इस दौरान बाइक पर सवार होकर एक युवक आया। जिसकी बाइक का सामने से आ रहे वाहन को बचाने में संतुलन बिगड़ गया। बाइक की चपेट में आने से महिला दीपा व उसका बेटा घायल हुए। जिनका राहगीरों ने जिला अस्पताल में उपचार कराया।- संवाद