दिल्ली में नकली शराब की फैक्ट्री चलाने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दिल्ली में नकली शराब की फैक्ट्री चलाने के मामले में जेल गए एक आरोपी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की है। बागपत की अदालत में उसकी जमानत अर्जी पूर्व में खारिज हो चुकी है।
कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने 10 जुलाई की रात हाईवे से नकली शराब व शराब तैयार करने के उपकरण के साथ आठ तस्करों को गिरफ्तार किया था। इनमें गिरोह का सरगना रवि पुत्र सुरेंद्र है, जो लोनी का रहने वाला है। फिलहाल राजनगर एक्सटेंसन गाजियाबाद में रहता है। इसके अलावा बागपत के खैला गांव का जितेंद्र पुत्र सतपाल, संजीत कुमार झा पुत्र वीरेंद्र कुमार झा निवासी सेक्टर-78 नोएडा, मोनू वालिया पुत्र कृष्ण कुमार निवासी मोहल्ला कटेवा जलालाबाद थानाभवन शामली, ब्रिजेश पुत्र दशरथ निवासी सदरपुर सेक्टर-45 नोएडा, चेतराम पुत्र जवाहर जुगले निवासी जवाहरनगर चौक आंबेडकर पार्क दिल्ली, शानू पुत्र शाकिर हुसैन निवासी सराफाबाद सेक्टर-23 नोएडा, छोटे खां पुत्र मोहम्मद अनवर निवासी उस्मानपुर साढ़े तीन पुरस्ता करतारनगर दिल्ली शामिल हैं। आरोपी दिल्ली के समयपुर बादली थाना क्षेत्र के सिरसपुर में नकली शराब की फैक्ट्री का चलाते थे। बागपत पुलिस ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर फैक्ट्री को सील किया था। कोतवाली इंस्पेक्टर (क्राइम) रामनिवास का कहना है कि आरोपी संजीत की बागपत की अदालत ने जमानत अर्जी सुनवाई के बाद खारिज कर दी थी। अब उसने हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की है।
युवक पर बलकटी से किया हमला
बागपत। फैजुल्लापुर निवासी राजीव ने पुलिस को बताया कि उसका चचेरा भाई प्रशांत शनिवार की शाम करीब सात बजे खेत से घर लौट रहा था। रास्ते में गांव के सुभाष ने प्रशांत से गाली-गलौज की। विरोध करने पर प्रशांत के साथ मारपीट की गई। ग्रामीणों ने प्रशांत को बचाया तो सुभाष जान से मारने की धमकी देकर चला गया था। थोड़ी देर बाद सुभाष ने प्रशांत पर बलकटी से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। प्रशांत को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। आरोपी सुभाष के खिलाफ कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया गया। कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा ने बताया कि इस मामले में आरोपी सुभाष को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से बलकटी भी बरामद की गई है।
एक ही परिवार के दो पक्ष भिड़े
बागपत। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार को एक परिवार के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष की महिला ने आरोप लगाया है कि जेठ ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर घर में घुसकर गाली-गलौज, गलत हरकतें करते हुए मारपीट की। तमंचे से आतंकित किया। पथराव कर उसे घायल किया। वहीं दूसरे पक्ष के व्यक्ति का कहना है कि भाई की मृत्यु के बाद 14 वर्षीय भतीजा उनके पास रहता है। आरोप है कि दोपहर करीब 12 बजे भतीजे की मां व दूसरे भाई की पत्नी व बेटे घर में घुस आए। इन लोगों ने भतीजे को जबरन ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे व उसकी पत्नी व बेटे पर हमला किया। आरोपी तमंचे, तलवार व अन्य हथियार लिए हुए थे। दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत की। कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा का कहना है कि आपसी पारिवारिक विवाद है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।