बागपत। फतेहपुर गांव में विकास कार्यों की धनराशि होर्डिंग पर खर्च करने का आरोप लगा है। गांव के एक युवक और भाजपा युवा के पूर्व मीडिया प्रभारी की शिकायत पर डीएम ने जांच बैठा दी है। डीएम ने डायट प्राचार्य और लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता को गांव में कराए गए विकास कार्यों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।
फतेहपुर गांव के राजेंद्र सिंह पुत्र ब्रजपाल और भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मीडिया प्रभारी प्रशांत चौधरी ने ग्राम प्रधान पर गांव में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया था। उन्होंने डीएम से टीम गठित कर जांच कराने की मांग की थी। डीएम राजकमल यादव ने डायट प्राचार्य अनुराधा शर्मा व लोनिवि के अवर अभियंता राजेश कुमार को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।