संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जमीन के विवाद में गली नंबर छह में रहने वाले जितेंद्र पर परिवार के लोगों ने हमला कर दिया। उन्होंने हाईवे किनारे गिराकर जितेंद्र की लात घूंसों, लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। पुलिस ने घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया।
शहर की गली नंबर छह में रहने वाले जितेंंद्र ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि रविवार रात वह अपने साथी विक्की के साथ बड़ौत से वापस लौट रहा था। रास्ते में परिवार के कुछ युवकों और महिलाओं ने दोनों को रोककर पीटना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि दोनों को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर दौड़ा दौड़ाकर पीटा गया। जितेंद्र ने पिटाई की वीडियो भी पुलिस को सौंपी, जिसमें हमलावर दोनों को पीटते नजर आ रहे हैं। इस मामले में कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।