संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली/बड़ौत(बागपत)। टोक्यो में हुए ओलंपिक खेलों में महिला हॉकी टीम में डिफेंडर के तौर पर शामिल छपरौली की बेटी रीना का कस्बे में जोरदार स्वागत किया गया। रीना के पिता जगपाल सिंह बीएसएफ से रिटायर्ड है और फिलहाल चंडीगढ़ में रहते हैं ।
शनिवार को चंडीगढ़ से कस्बा पहुंची रीना खोखर का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने रीना खोखर को ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठाकर कस्बे के मुख्य मार्गों से घुमाया। लोगों ने उन्हें नोटों की माला पहनाकर सम्मानित किया । रीना खोखर ने बताया कि उसने चंडीगढ़ में रहते हुए पांचवी क्लास से ही हॉकी खेलना शुरू कर दिया था और 2012 तक साईं संस्था ग्वालियर में रही। रीना ओपन व मैन फेस्टिवल जूनियर, नेशनल सीनियर, नेशनल एशियन गेम्स, जूनियर एशियन गेम्स में हिस्सा लेकर कई पदक प्राप्त कर चुकी है। रीना का कहना था कि ओलंपिक में टीम को पदक की पूरी उम्मीद थी मगर चौथे स्थान पर रह गई और पदक से चूक गई। भविष्य में हॉकी टीम मेडल हासिल करेगी। जितेंद्र, सुरेश पाल, राजेंद्र, श्याम सिंह, विकास, हरेंद्र आदि कस्बावासियों ने कहा कि रीना ने कस्बे के साथ-साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
वहीं दूसरी ओर छपरौली जाते हुए बड़ौत कसबे में दिल्ली रोड पर शनिवार को रीना खोखर का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर रामकुमार चैयरमैन, आशुतोष, रेणु, बोबी बावली, गौरव, शुभम, सिद्वार्थ आदि शामिल रहे।