बड़ौत (बागपत)। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर में पैथोलॉजी लैब पर छापेमारी की तो अधिकांश लैब संचालक फरार हो गए। गांधी रोड पर स्थित एक पैथोलॉजी लैब पर लैब चलाने का कोई कागजात नहीं मिलने पर इंस्ट्रयूमेंट सील कर दिए ।
सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा के निर्देश पर शनिवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक के नेतृत्व में गठित टीम ने नगर में गांधी रोड पर अवैध रूप से चल रहे पैथोलॉजी लैब पर छापेमारी की तो लैब मालिकों में भगदड़ मच गई। गांधी रोड स्थित एक पैथोलॉजी के यहां सीएमओ का कोई रजिस्ट्रेशन तथा बायो वेस्टिक प्रमाणपत्र नहीं मिला। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि तीन दिन पूर्व इन्हें नोटिस भी जारी किया , लेकिन कोई कागजात नहीं दिखा पाए। बाद में जांच करने वाले इंस्ट्रयूमेंट को सील कर दिया गया है। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। उधर, लैब मालिक का कहना था कि वे बागपत में हैं, उनके पास सभी कागजात हैं, वे आकर दिखाएंगे। इस पर सीएचसी अधीक्षक ने कहा कि वे कागजात सीएचसी पर आकर दिखाएं। टीम में डॉ. आरके भार्गव भी साथ रहे।
दोघट। कस्बे में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हाईकोर्ट के आदेश पर अपोलो पैथोलॉजी लैब पर छापामारी की। पंजीकरण नहीं मिलने पर लैब को सील कर दिया। बिनौली सीएचसी के चिकित्सक गुरुचरण सिंह के नेतृत्व में शनिवार को टीम ने पुलिस को साथ लेकर दोघट कस्बे में अपोलो पैथोलॉजी लैब पर छापा मारा। लैब पर पंजीकरण एवं बायो मेडिकल वेस्ट पंजीकरण नहीं मिले। टीम ने लैब को सील कर दिया। डॉ. गुरुचरण सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर पैथोलॉजी लैब पर छापामारी की गई। लैब का सीएमओ कार्यालय से पंजीकरण नहीं कराया गया है और न ही बायो मेडिकल वेस्ट का पंजीकरण कराया है। लैब पर सील लगा दी। लैब संचालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम की छापेमारी को लेकर पैथोलॉजी लैब संचालकों में हड़कंप मचा रहा। संचालक लैब बंद कर चले गए। टीम में विरेंद्र राणा, मनीष पाल, अजीत पाल धामा, एसआई भगवत प्रसाद शर्मा मौजूद रहे।