बड़ौत (बागपत)। बिजरौल रोड पर भूतपूर्व सैनिक एकत्र हुए और अपने लाइसेंसी हथियार लेकर कहा कि यदि सरकार उन्हें इजाजत दे तो वे पाकिस्तान में घुसकर जवानों की शहादत का बदला लेंगे।
पूर्व सैनिक चंद्रपाल ने कहा कि 1971 में नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई में अपना पैर गंवाया । उन्होंने कहा कि यदि भारत सरकार मौका दे तो वे अब भी युद्ध में जाने को तैयार हैं। पूर्व सैनिक धन सिंह ने बताया कि 1965 की लड़ाई उन्होंने लड़ी और 1971 की लड़ाई में भी वे शामिल रहे। जोश के साथ वे बोले कि वे अब भी युद्ध के लिए तैयार हैं। वे पीछे नहीं हटेंगे। 1971 की लड़ाई लड़ चुके पूर्व सैनिक ओमपाल सिंह ने कहा अब भी पाकिस्तान से दो-दो हाथ करने को तैयार हैं। पूर्व सैनिक सुरेंद्र तोमर ने कहा कि हमने पूरी कारगिल की लड़ाई लड़ी और हिम्मत नहीं हारी और पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। अब भी वे युद्ध के लिए तैयार हैं। यही हमारा धर्म है, जिसका हमें पालन करना है। पूर्व सैनिक श्रीभगवान ने कहा पाकिस्तान बातचीत से नहीं मानने वाला। हम लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे। हमने अपने लाइसेंसी हथियार उठा लिए हैं। जब सरकार आदेश करेगी तो सीमा पर जाकर पाकिस्तान के घर में घुसकर मारेंगे।