महराजगंज थाना क्षेत्र के अशरफपुर बसारतपट्टी गांव के प्रधान ने ग्रामीणों के साथ बृहस्पतिवार शाम थाने पर पहुंच कर घेराव किया। गांव निवासी रणविजय सिंह की हत्या में प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर प्रधान व ग्रामीण आक्रोशित थे। थाने पर भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सभी को खदेड़ दिया।
अशरफपुर बसारत पट्टी (बनगांवा) गांव निवासी 50 वर्षीय रणविजय सिंह का शव बृहस्पतिवार सुबह सड़क किनारे लहू लुहान हाल में पड़ा था। जानकारी होने पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
वहीं मृतक के पुत्र प्रवेश सिंह ने घटना के बाबत प्रधान हरिओम निषाद समेत चार के खिलाफ नामजद तहरीर दिया। जिसके आधार पर महराजगंज थाना पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया। थाने में हत्या की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत होते ही प्रधान हरिओम ग्रामीणों के साथ शाम पांच बजे थाने पर पहुंच गया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पहले पुलिस ने समझा बुझा कर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ बढ़ने लगी तो पुलिस ने हलका बल प्रयोग कर व निर्दोष को न फसाये जाने का आश्वासन देकर लोगों को थाने से खदेड़ दिया।