आजमगढ़। डाकिया डाक लेकर किस दिन आएगा, इसकी सूचना अब एसएमएस के माध्यम से लोगों को मिल जाएगी। यही नहीं डाकिया ने किसको चिट्ठी और पार्सल दिया है। इसकी भी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होगी। इससे ग्राहकों को काफी राहत मिलेगी।
पीएम मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान के तहत अब डाक विभाग को भी डिजिटल यानी पेपरलेस बनाया जा रहा है। ग्राहक अब बुकिंग से लेकर वितरण एवं वित्तीय समावेशन संबंधित सभी सेवाओं का लाभ घर बैठे ले रहे हैं। यहां चिट्ठी पत्री, मनीऑर्डर, बैंकिंग, बीमा, कैश ऑन डिलीवरी, पार्सल व अन्य सभी कार्य ऑनलाइन हो रहे हैं। प्रवर डाक अधीक्षक योगेंद्र मौर्य ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति डाक भेजता है तो उसके मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजा जाता है। इसके साथ ही एक लिंक भी होता है जिससे वह अपने चिट्ठी, पैसा और पार्सल की स्थिति पता कर सके। इससे लोगों को काफी राहत भी मिल रहा है। उन्हें पता चल जा रहा है कि उन्हें कब डाक मिलेगा।