सगड़ी के जीयनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीनेशन के लिए लगी भीड़।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। आईसीएमआर ने तीसरी लहर की चेतवानी जारी कर दी है। आगामी तीन सप्ताह काफी खतरनाक है। जरा सी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है। इस चेतावनी के बाद तो टीकाकरण करने वालों का केंद्रों पर रेला उमड़ पड़ा है। शहर से लेकर ग्रामीणांचल तक के बूथ पर लोग पहुंच कर अपना टीकाकरण करा रहे है।
जिले में टीकाकरण की रफ्तार काफी तेज हो गई है। बीते एक सप्ताह से 100 प्लस प्रतिशत टीकाकरण हो रहा है। वैक्सीन की कमी के चलते किसी-किसी दिन टीकाकरण कार्य प्रभावित भी हो रहा है और महकमे को बूथों की संख्या कम कर टीकाकरण कराना पड़ रहा है लेकिन फिलहाल जिले में किसी भी दिन टीकाकरण का कार्य पूरी तरह से प्रभावित नहीं हुआ है। सीएमओ इंद्र नारायण तिवारी ने बताया कि महकमा वैक्सीन की प्रतिदिन व्यवस्था कहीं न कहीं से कर ले रहा है। कभी लखनऊ तो कभी वाराणसी से वैक्सीन मंगाई जा रही है। पूरा प्रयास है कि जल्द से जल्द शतप्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हम पूरा कर लें। जिले में अब तक लगभग नौ लाख लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
सीएचसी पर जुटी भीड़ ने प्रभावित किया टीकाकरण
सगड़ी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जीयनपुर पर भी टीकाकरण केंद्र बना हुआ है। शुक्रवार को इस केंद्र पर टीकाकरण के लिए काफी भीड़ जुट गई। वैक्सीनेसन कक्ष तक भीड़ के पहुंच जाने से काफी देर तक टीकाकरण कार्य प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंची जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझा कर केंद्र के बाहर किया और लाइन लगवाई तब जाकर टीकाकरण की कवायद शुरू हो सकी। केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगी है लेकिन शुक्रवार को भीड़ ज्यादा हो गई थी और लोग पुलिस कर्मी को ढकेल कर अंदर घुस गए थे।
शुक्रवार को 12 बजे तक कुल 8,79,535 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका था। जिसमें 7,57,257 को प्रथम डोज व 1,22,278 को दूसरा डोज भी लगाया जा चुका था। आजमगढ़ जिला ही ऐसा जिला है जहां 16 जनवरी के बाद किसी भी दिन टीकाकरण का कार्य बाधित नहीं होने पाया है।
डॉ. संजय, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, आजमगढ़।