आजमगढ़। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में बिजली की चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
तहबरपुर संवाददाता के अनुसार बृहस्पतिवार को दिन में ईसरपार खास गांव निवासी 23 वर्षीय पवन कुमार यादव पुत्र स्व. चंद्रदेव यादव अपनी शिक्षिका भाभी 33 वर्षीय पूनम पत्नी कृपाशंकर को बाइक पर बैठा कर स्कूल से घर ले कर आ रहा था। रास्ते में बरसात शुरू हो गई। मेढी गांव के पास तेज गरज के साथ गिरी बिजली की चपेट में देवर-भाभी आ गए। देवर पवन की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि भाभी गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भाभी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा वहीं मृतक पवन के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। जहानागंज संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के कनैला गांव में बुधवार की शाम चार बजे गिरी बिजली की चपेट में आकर 50 वर्षीया आशा देवी पत्नी सुरेश पाल गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के समय वह अपने खेत पर घास काटने गई थी। काफी देर तक जब वह नहीं लौटी तो परिजन उसे खोजने खेत पर गए तो वह बेहाशी की हालत में मिली। परिजन आनन-फनन में राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका पांच पुत्री व एक पुत्र की मां थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। पति रोजीरोटी के लिए दिल्ली में रहता है।