विधानसभा चुनाव 2022 के तहत होने वाली मतगणना की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। जनपद में बनाए गए दो मतगणना केंद्रों पर बनाए गए स्ट्रांग रूमों से बृहस्पतिवार को 114 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम से बाहर निकलेगा। हर विधानसभा की मतगणना के लिए कुल 19 टेबल लगाई गई है। जिला प्रशासन की मानें तो 311 राउंड में सारी मतगणना संपन्न होगी।
जनपद की 10 विधानसभा सीटों के लिए कुल 114 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सात मार्च को मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में कैद हो गए। सभी ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच जनपद में बनाए गए दो स्ट्रांग रूमों चकवल और एफसीआई गोदाम बेलइसा में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। एफसीआई गोदाम चकवल में लालगंज, मेंहनगर, दीदारगंज, फूलपुर पवई और निजामाबाद की मतगणना कराई जाएगी। जबकि गोपालपुर, सगड़ी, अतरौलिया, आजमगढ़ और मुबारकपुर की मतगणना एफसीआई गोदाम बेलइसा में होनी है। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। सबसे पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी।
विधानसभा चुनाव रिजल्ट: इस लिंक पर मिलेगा हर अपडेट
मतगणना को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विधानसभावार 19 टेबल लगाए गए हैं। जिसमें 14 टेबल ईवीएम की गणना के लिए होगी। चार टेबल पोस्टल बैलेट की गणना के लिए लगाई गई है। वहीं एक टेबल आरओ के लिए होगी। हर टेबल पर चार कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 10 मतगणना कर्मियों को आरक्षित में रखा गया है। इस प्रकार कुल 792 कर्मियों को मतगणना के लिए तैनात किया गया है।