मार्टीनगंज। दीदारगंज थाना क्षेत्र के निकासीपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में शुक्रवार की रात चोर छत के रास्ते घुस गए। चोरों ने घर में रखे एक आलमारी का ताला तोड़ कर लाखों के नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल किया।
निकासीपुर गांव निवासी अजीत सिंह पुत्र स्व. रामकेर सिंह के घर में शनिवार की रात अज्ञात चोर घर के पीछे से छत पर चढ़ गए। इसके बाद चोर सीढ़ी के रास्ते घर में उतर आए। चोरों ने एक कमरे में रखे आलमारी का ताला तोड़ कर उसमें रखे लगभग डेढ़ लाख के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। परिजन सुबह सोकर उठे तो आलमारी टूटा देख उनके होश उड़ गए। गृहस्वामी ने तत्काल यूपी 112 पर सूचना दिया। कुछ ही देर में यूपी 112 के साथ ही दीदारगंज थाना पुलिस भी मौके पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।