आजमगढ़ जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के परशुरामपुर बाजार स्थित सराफा की दुकान में शुक्रवार की रात चोरों ने नकाब लगाकर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। सुबह दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने घटना के बाबत थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, महराजगंज थाना क्षेत्र के जमीलपुर गांव निवासी मिठाई लाल पुत्र रामसेवक परशुरामपुर बाजार में सराफा की दुकान खोल रखे है। रोज की तरह शुक्रवार की रात भी वह दुकान बंद कर घर चले आए। देर रात अज्ञात चोर दुकान के पिछले हिस्से से नकाब लगाकर अंदर घुस गए।
चोर दुकान के गल्ले में रखे 40 हजार नकद के अलावा 50 ग्राम सोने के जेवरात और लगभग 12 किग्रा चांदी चुरा कर फरार हो गए। शनिवार की सुबह मिठाई लाल ने दुकान खोली तो अंदर का हाल देख कर उसके होश उड़ गए। पीड़ित के अनुसार नकदी के साथ लाखों के जेवरात पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया है।
उसने तत्काल यूपी 112 पर फोन करके सूचना दी। इसके बाद महराजगंज थाने पर पहुंच कर लिखित तहरीर भी दी है। घटना से बाजार वासियों में दहशत व्याप्त है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।