फरिहां/पल्हना। जिले में चोरी की घटनाओं पर पुलिस लगाम नहीं लगा पा रही है। निजामाबाद स्थित कबाड़ी की दुकान व देवगांव कोतवाली अंतर्गत प्लाइवुड की दुकान से चोरों ने बुधवार की रात लाखों की नकदी व सामान पर हाथ साफ कर दिया।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिह बाजार में पुलिस बूथ से महज 200 मीटर दूरी पर लक्षीराम यादव की कबाड़ की दुकान है। बुधवार की रात मेन गेट का ताला तोड़ कर अज्ञात चोर अंदर घुसे अंदर रखे 30 हजार नकद, लैपटॉप के साथ ही लगभग दो लाख का माल पिकअप पर लाद कर फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर निजामाबाद पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल किया। वहीं देवगांव कोतवाली अंतर्गत लालगंज बाजार के छावनी क्षेत्र में स्थित एक प्लाईवुड की दुकान का ताला तोड़ कर चोरों ने आठ हजार नकद के साथ ही इनवर्टर व बैट्री पर हाथ साफ किया। दुकान संचालक नदीम अहमद निवासी कटौली ने एक माह पूर्व ही दुकान खोली थी। पीड़ित के अनुसार लगभग 50 हजार का माल चोरों ने पार किया है। घटना के बाबत उसने भी थाने पर तहरीर दे दिया है।