सगड़ी तहसील के सभागार में आयोजित बैठक में शामिल बीएलओ।
- फोटो : AZAMGARH
सगड़ी। तहसील क्षेत्र के गोपालपुर विधानसभा के महाराजगंज व विधानसभा सगड़ी के हरैया खंड विकास के बीएलओ की बैठक सोमवार को तहसील सभागार में दो पालियों में आयोजित हुई। जिसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए सगड़ी तहसीलदार रामानुज शुक्ला ने दिशा निर्देश दिए। इस वर्ष विधानसभा चुनाव में बनाए जा रहे नए मतदाताओं को मतदान के पूर्व उनके घर तक डाकिए मतदाता पहचान पत्र पहुंचाएंगे।
बैठक में मौजूद सभी बीएलओ को मतदाताओं को जोड़ने का कार्य सौंपा गया। तो वहीं मतदान केंद्र के संभाजन की जानकारी उनसे ली गई। विशेष रूप से विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता बनाने के लिए एक सितंबर से 15 सितंबर तक चलाए जा रहे अभियान में दिव्यांग व वृद्ध मतदाताओं का चिह्नीकरण करने व उनकी सूची मोबाइल नंबर के साथ उपलब्ध कराने के दिशा निर्देश दिए गए। तहसीलदार ने बताया कि इस बार विधानसभा के चुनाव में वृद्ध व दिव्यांग मतदाताओं को विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने जेंडर रेशियो व एपीक रेशियो पर विशेष ध्यान देने के लिए भी निर्देश दिया और महिलाओं को विशेष रुप से मतदाता बनाने पर जोर दिया। इस वर्ष विधानसभा चुनाव में बनाए जा रहे नए मतदाताओं को मतदान के पूर्व उनके घर तक डाकिए मतदाता पहचान पत्र पहुंचाएंगे। जिसके लिए चुनाव आयोग के दिशा निर्देश पर त्वरित रूप से कार्य शुरू किया गया है। तहसील दार रामानुज शुक्ला ने कहा कि इस दौरान किसी भी बीएलओ के द्वारा कार्य में शिथिलता बरती गई तो उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर रविंद्र लाल श्रीवास्तव, लालजी, रविंद्र यादव, रमेश चंद्र पांडेय, संतोष आदि उपस्थित थे।