ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के महुआरी गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में रविवार की रात घुसे चोरों ने लाखों की नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। सुबह सोकर उठने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव से तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
महुआरी गांव निवासी पन्नालाल धरिकार अपने बेटे के साथ रोटी के लिए दिल्ली रहता है। घर पर उसकी पत्नी मुन्नी देवी व बहु रहती है। रविवार की रात गर्मी के चलते मुन्नी देवी अपनी बहु के साथ छत पर सो रही थी। रात में अज्ञात चोर छत पर चढ़े और सीढ़ी से नीचे उतर कर पूरे घर को खंगाल डाला। लाखों की नकदी व जेवर के साथ अन्य कीमती सामान लेकर चोर फरार हो गए। सुबह जब मुन्नी देवी की नींद टूटी तो घर के अंदर का हाल देख कर उसे होश उड़ गए। पीड़िता के अनुसार चोर एक लाख रुपये नकद व लगभग पांच लाख के जेवरात व अन्य सामान चुुरा ले गए है। ग्रामीणों की सूचना पर बरदह थाना पुलिस सुबह मौके पर पहुंची और मुआयना किया। ग्रामीणों की निशानदेही पर पुलिस गांव के ही तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।