आजमगढ़। प्रशासन की ओर से नगर क्षेत्र को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बहुत प्रयास किया गया लेकिन पार्किंग न होने के कारण अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। जाम की समस्या को बढ़ाने में अगल-बगल के दुकानदारों का भी बहुत बड़ा हाथ है। हालांकि कुछ दिन पहले ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर गौरव कुमार द्वारा शहर क्षेत्र में अतिक्रमण को हटाने का कार्य शुरू किया गया था लेकिन वह भी ठप हो गया।
नगर के बड़ादेव से लेकर पहाड़पुर तक का क्षेत्र पूरे दिन जाम की समस्या से जूझता रहता है। इस जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन की ओर से कई बार प्रयास किया गया लेकिन अब तक इस मामले में उन्हें सफलता नहीं मिल सकी है। आज तक जिला प्रशासन नगर क्षेत्र में पार्किंग स्थल तक की व्यवस्था नहीं कर सका है। जो जाम की समस्या का मुख्य कारण है। वहीं जाम की समस्या को बढ़ाने में नगर क्षेत्र के व्यापारियों का भी बहुत बड़ा योगदान है। इनके द्वारा दुकानें तो खोली जा रही हैं लेकिन पार्किंग की व्यवस्था नहीं की जा रही है। अगर किसी ने पार्किंग की व्यवस्था की भी हैं तो अन्य लोगों को देखकर उसने भी पार्किंग की जगह में दुकानें खोल दी। वहीं बहुत से दुकानदार अपनी दुकान को सड़कों पर लगाते हैं। इन सबका परिणाम है कि बाजार में आने वाले ग्राहक अपने वाहनों को सड़कों पर ही खड़ा करने को विवश होते हैं। जो जाम की समस्या का कारण बनते हैं। हालांकि प्रशासन ने रूट डायवर्जन कर रखा है फिर इस क्षेत्र में अक्सर वाहन घुस जाते हैं जो जाम का कारण बनते हैं। इस समस्या से नगर के लोगों को निजात दिलाने के लिए एसडीएम सदर व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव कुमार द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया था। लेकिन यह अभियान भी नगरपालिका तिराहे से आगे नहीं बढ़ सका।
महिला अस्पताल गेट पर लगता है जाम
आजमगढ़। जिला महिला अस्पताल में वैसे तो दो गेट लगाए गए हैं। लेकिन एक गेट को अस्पताल प्रशासन द्वारा हमेशा बंद रखा जाता है। अगर बंद गेट खोल दिया जाए तो जाम की समस्या से यहां पर काफी हद तक निजात मिल सकती है। अस्पताल गेट के ठीक सामने ही एक माल है। इस माल के सामने भी काफी संख्या में गाड़ियां खड़ी रहती हैं। जबकि इसके नीचे पार्किंग स्थल बना है जिसमें दुकान खोल दी गई है।
चौक क्षेत्र की पटरियों पर ठेले और रिक्शेवालों का कब्जा
आजमगढ़। नगर का मुख्य चौक जो सबसे व्यस्ततम इलाका है। यहां की पटरियों पर रेहड़ी दुकानदार पटरी पर अपनी दुकानें लगाते हैं। जहां जगह बचती है वहां पर रिक्शा और ठेलेवालों का कब्जा होता है। वहीं कुछ दुकानदारों द्वारा पटरियों को अपने कब्जे में ले लिया गया है। उनके द्वारा किसी को वहां पर गाड़ी भी नहीं खड़ी करने दी जाती। जिसके कारण वाहन भी रोड पर ही खड़े होते हैं जिसके कारण जाम लगता है।
दवा मंडी में भी नहीं है पार्किंग की जगह
आजमगढ़। नगर के आसिफगंज मुहल्ले में किसी दुकानदार के पास पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। दुकानदारों ने पटरी तो दूर नालियों को भी कब्जा कर लिया है। यहीं पर दवा मंडी भी है जहां ग्रामीण इलाकों से दवा कारोबारी दवा लेने के लिए आते हैं। पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण उनके द्वारा वाहनों को सड़क पर ही बेतरतीब तरीके से खड़ा किया जाता है। जिसके कारण जाम की समस्या उत्पन्न होती है।
अतिक्रमण हटाओ अभियान को बंद नहीं किया गया है। अतिक्रमण को चिन्हित कर उसे हटाया जा रहा है। आज ही हमारे द्वारा सिधारी क्षेत्र में अतिक्रमण केे हटाया गया है। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरव कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर।