आजमगढ़। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक अर्थात टीजीटी परीक्षा सात व आठ अगस्त को होगी। परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिले में 25 केंद्र बनाए गए हैं, जिसपर दो पालियों में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा प्रभारी एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह ने बताया कि टीजीटी की परीक्षा दो दिन चलेगी। पहले दिन व दूसरे दिन क्रमश: दो-दो पाली होगी। पहली पाली का समय सुबह साढ़े नौ बजे से 11.30 बजे तक है। दूसरी पाली का समय ढाई बजे से साढ़े चार बजे तक रहेगा।
एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह ने बताया कि सात अगस्त को प्रथम पाली में 09.30 बजे से 11.30 बजे तक निर्धारित 25 परीक्षा केंद्रों पर होगी। वहीं द्वितीय पाली दिन में 02.30 बजे से 04.30 बजे तक निर्धारित 10 परीक्षा केंद्रों पर होगी। बताया कि इसी प्रकार आठ अगस्त को प्रथम पाली में 09.30 बजे से 11.30 बजे तक निर्धारित 17 परीक्षा केंद्रों पर तथा द्वितीय पाली 02.30 बजे से 04.30 बजे तक निर्धारित 14 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, प्रति 2-3 परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं एक पर्यवेक्षक तैनात किया गया है। परीक्षा को संपन्न कराने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार, उप जिला मजिस्ट्रेट लालगंज, उप जिला मजिस्ट्रेट फूलपुर, उप जिला मजिस्ट्रेट मार्टीनगंज, डीसी एनआरएलएम मिथिलेश कुमार तिवारी, प्राचार्य डायट अमरनाथ राय, उप जिला मजिस्ट्रेट निजामाबाद, जिला विकास अधिकारी रवि शंकर राय, सहायक महा निबंधक स्टैंप मुकेश कुमार, उप जिला मजिस्ट्रेट बूढ़नपुर तथा परियोजना अधिकारी डीआरडीए अभिमन्यु सिंह को सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। वह परीक्षा की निगरानी करेंगे।