तहसील क्षेत्र के श्री गांधी पीजी कालेज मालटारी के छात्रों ने विद्यालय गेट के सामने मंगलवार को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर कुलपति का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रमोट किए गए अधिकांश छात्र व छात्राओं को फेल कर दिया गया है।
प्रमोट किए गए छात्र-छात्राओं को बीए प्रथम वर्ष के नंबर के अनुपात में बीए भाग दो और तीन में नंबर नहीं दिया गया है। बहुत से छात्रों के अंक पत्र में प्रैक्टिकल का नंबर नहीं चढ़ाया गया है। जिन छात्रों को पास किया गया है उनको भी बहुत ही कम नंबर दिया गया है, प्रैक्टिकल में भी बहुत ही कम नंबर दिया गया है। दोबारा से रिजल्ट बनाकर घोषित किया जाए। साथ ही छात्रवृत्ति आवेदन करने की तिथि बढ़ाई जाए। साइट न चलने के कारण अधिकांश छात्र छात्रवृत्ति फार्म नहीं भर पा रहे हैं। पुस्तकालय में बैठने के लिए कुर्सी, बिजली की व्यवस्था करने सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर विद्यालय गेट के सामने कुलपति का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आधे घंटे तक जीयनपुर बिलरियागंज मार्ग बाधित रहा। नारेबाजी के बाद एसडीएम सगड़ी को संबोधित ज्ञापन प्रभारी प्राचार्य केएन गुप्ता को सौंपा। छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर हम लोगों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो हम लोग वृहद आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। इस मौके पर छात्र नेता कुंदन सिंह, शिवम मिश्रा, अरुण यादव, मोनू यादव, अभिषेक सिंह, जगदीश कुमार, सूरज कुमार महामंत्री, विशाल कुमार, गुलशन यादव, सुनील आदि उपस्थित थे।