बूढ़नपुर। राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच के तत्वावधान में शनिवार को अतरौलिया विधानसभा स्थित भटौली स्थित एक स्कूल में युवा कार्यकर्ता सम्मेलन संगठनात्मक बैठक व संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें युवाओं की भागीदारी को लेकर चर्चा की गई।
मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशांक शेखर सिंह ने कहा कि नौजवानों की भूमिका व भागीदारी को लेकर तमाम गोष्ठियों व परिचर्चा होती रही लेकिन नौजवानों की भूमिका को महज वोट बैंक और प्रचार तंत्र तक ही सीमित रखा गया। भागीदारी के नाम पर देश की आबादी के 65 से 70 प्रतिशत नौजवानों को राजनैतिक लाभ के दृष्टिकोण से जातिगत व धार्मिक उन्माद पैदा कर नौजवानों की ऊर्जा का दुरुपयोग किया गया। जिसका परिणाम रहा कि अभी तक युवाओं की कोई नीति नहीं बन पाई, ना ही युवाओं का राष्ट्रीय स्तर पर कोई आयोग, राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना बन पाई। अध्यक्षता कोयलसा प्रधान संघ अध्यक्ष अमरनाथ सिंह व संचालन छात्र नेता बृजेश सिंह ने किया। इस मौके पर छात्र नेता विपिन सिंह, माधव चौबे, राजेश राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य मातवर राम, विवेक सिंह, अनुराग सिंह, प्रमोद सिंह, शिवसागर सिंह, वशिष्ठ चौबे, महेंद्र यादव आदि उपस्थित थे।