महराजगंज पुलिस ने पकड़ा 120 बोरी सरकारी खाद्यान्न।
- फोटो : AZAMGARH
महराजगंज। स्थानीय थाना पुलिस ने शनिवार की रात सरदहा बाजार स्थित एक व्यापारी के गोदाम पर उतारे जा रहे सरकारी खाद्यान्न को बरामद किया। पुलिस टीम ने बरामद 120 बोरी चावल को अपने कब्जे में ले लिया और व्यापारी व ट्रैक्टर चालक को थाने पर बैठा लिया है। सरकारी राशन पकड़े जाने की सूचना पर हड़कंप मच गया है। पूर्ति निरीक्षक बरामद चावल की जांच पड़ताल में जुट गए हैं।
महराजगंज थाना के सरदहा बाजार स्थित एक गल्ला व्यवसायी के गोदाम पर शनिवार की देर रात साढ़े नौ बजे ट्रैक्टर ट्राली से चावल उतारा जा रहा था। स्थानीय लोगों ने देखा तो बोरी सरकारी राशन वाली दिखी। इस पर लोगों ने सूचना महराजगंज थाना पुलिस को दे दिया। सूचना मिलते ही महरागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रैक्टर ट्राली से उतारे जा रहे सरकारी खाद्यान्न के साथ ही व्यापारी किशन गुप्ता व ट्रैक्टर चालक संत विजय नायक को पकड़ कर थाने लेकर चली आई। रात में ही इसकी सूचना पूर्ति विभाग को दे दी गई। सरकारी राशन प्राइवेट व्यापारी के गोदाम में उतारे जाने की जानकारी होते ही महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जांच की कवायद भी शुरू हो गई लेकिन रविवार की शाम तक इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया जा सका था। जांच की कवायद में ही पूर्ति निरीक्षक जुटे नजर आए। कुछ स्थानीय सत्ताधारी दल के नेता व गल्ला माफिया इस मामले को रफा-दफा कराने की कवायद में जुटे नजर आए।
मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया लंबी है। अभी जांच पड़ताल की जा रही है। चालक ने बयान में बताया है कि वह एफसीआई गोदाम से चावल उठाया है। मार्केटिंग इंस्पेक्टर को भी बुलाया गया है। बयान लेने के बाद रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। इसके बाद मुकदमा आदि दर्ज कराने की कार्रवाई होगी।
दुर्गानंद यादव, पूर्ति निरीक्षक।