जनपद से होकर गुजरने वाले पूूर्वाचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण काफी तेजी से चल रहा है। जिसका परिणाम है कि अब तक जनपद में एक्सप्रेस-वे का 90 फिसदी तक कार्य पूरा हो चुका है। सिर्फ उन जगहों पर काम होना बाकी है जहां पर अन्य मार्गों से एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने के लिए मार्ग का निर्माण किया जाना है। इसके अलावा सर्विस लेन, नाली आदि का कार्य बाकी है।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसका निर्माण समय से पहले पूरा कराने के लिए शासन की ओर से पूरा जोर लगाया गया है। कभी मुख्यमंत्री स्वयं तो कभी मुख्य सचिव और कभी औद्योगिक विकास मंत्री इसका निरीक्षण करने के लिए जनपद आ रहे हैं। अभी 12 जून को ही मुख्य सचिव और यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश अवस्थी के साथ औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने एक्सप्रेस का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद उन्होंने जुलाई माह में इसका निर्माण पूरा होने की बात कही थी। जिस समय उन्होंने निरीक्षण किया था उस समय तक उन्होंने 90 प्रतिशत तक कार्य पूरा होने की बात की थी। वर्तमान में निर्माण का यह कार्य 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। लखनऊ से जनपद होते हुए गाजीपुर तक पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई 341 किमी है। जिसमें जनपद में एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई 84 किमी है।