सीएम योगी ने कहा कि मुझे तो लग रहा था कि विधायक बनने के बाद भी अखिलेश यादव आजमगढ़ को नहीं छोड़ेंगे, क्योंकि संकट के समय में आजमगढ़ ने उनका साथ दिया था लेकिन उन्होंने धोखा दिया। वो अखिलेश ही थे, जिन्होंने कोविड टीका को मोदी का टीका बोला था। उन्हें जनता की फिक्र नहीं है। आजमगढ़ की जनता को इस बात को याद रखना है।
सीएम योगी ने कई सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सबसे बढ़िया फिल्म सिटी बनाने जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ को जिताने की अपील की। कहा कि विकास और सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी। भाजपा को जिताने की जिम्मेदारी आपकी। 23 जून को पहले मतदान फिर जलपान।
सीएम योगी ने कहा कि विरोधी दल के कुछ नेता नौजवानों के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं। अग्निपथ योजना की दुनिया में तारीफ हो रही है लेकिन यूपी में राजनीति हो रही है। डेढ़ वर्ष के अंदर पांच लाख युवाओं को नौकरी मिलेगी। पैरामिलिट्री, असर रायफल्स, सीआरपीएफ में आरक्षण दिया जाएगा। 21 वर्ष का ये नौजवान जब यूनिफार्म पहनकर घर आएगा तो घर वाले उसपर गर्व महसूस करेंगे। उनका जीवन स्तर सुधरेगा।
सीएम ने कहा कि सपा-बसपा की सरकार में रोजगार के नाम पर वसूली होती थी लेकिन आज बिना पैसा अपने टैलेंट पर लोग नौकरी पा रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार है। विकास हमारे ऊपर छोड़ दीजिए बस आप निरहुआ को जिता दीजिए। वो कहते हैं कि भाजपा में कलाकारों का अपमान हुआ है। यदि ऐसा होता तो गोरखपुर से रविकिशन सांसद नहीं होते और आजमगढ़ से निरहुआ मैदान में नहीं होते।
सीएम योगी थोड़ी देर बाद गोपालपुर और सगड़ी विधानसभा की संयुक्त जनसभा को बिलरियागंज बाजार के समीप बघैला के खेल में मैदान में संबोधित करेंगे। सीएम के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सुरक्षा की दृष्टि से दोनों कार्यक्रम में भारी भरकम फोर्स तैनात की गई है। मौजूदा समय में अग्निपथ स्कीम के विरोध में उपजे तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है।