जहानागंज के रामपुर उत्तरी हरिजन बस्ती में गिरा मकान।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। जिले में दो कच्चा मकान गिरने से एक वृद्ध महिला व एक युवती की जहां मौत हो गई तो वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मेंहनगर संवाददाता के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासिनी 60 वर्षीया कलावती पत्नी स्व. ननकू सोमवार की शाम अपने कच्चे मकान में मौजूद थी। इसी दौरान उनका कच्चा मकान गिर गया और कलावती मलबे में दब गई। आनन-फानन में परिजनों व ग्रामीणों ने मलबा हटा कर वृद्धा को बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराए, जहां इलाज के दौरान रात 11 बजे वृद्धा की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। मृतका तीन पुत्र व तीन पुत्रियों की मां थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं जहानागंज संवाददाता के अनुसार रामपुर गांव निवासी कन्हैया का कच्चा मकान मंगलवार को दिन मे 11 बजे गिर गया। मलबे में दब कर 18 वर्षीया नीतू पुत्री नरेश, 25 वर्षीया अनीता पत्नी कन्हैया व 2 वर्षीया अनामिका पुत्री कन्हैया घायल हो गए। तीनों को तत्काल मलबे से निकाल कर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान नीतू की मौत हो चुकी। सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।