रानी की सराय। स्थानीय कस्बा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में एक साल से खुले पड़े शौचालय के टैंक में गिरने से वार्डेन के पुत्र की मौत हो गई। टैंक अधूरा बनाकर छोड़ दिया गया है, जिसमें बरसात का पानी भरा था।
वाराणसी जिले के लंका थाना अंतर्गत शकुंतला सिंह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पर वार्डेन हैं। वह यहां अपने आठ वर्षीय पुत्र दिव्यांश के साथ रहती थी। मंगलवार की शाम पुत्र दिव्यांश परिसर में खेल रहा था। इसी परिसर में शौचालय के लिए एक टैंक ठेकेदार ने अधूरा छोड़ा दिया है। खेलते समय ही बालक दोपहर तीन बजे के लगभग टैंक में गिर गया। टैंक में पानी भरा हुआ था और उसमें डूब कर बच्चे की मौत हो गई। शाम पांच बजे के लगभग मां शकुंतला देवी ने पुत्र की खोज शुरू किया तो टैंक से शव बरामद हुआ। बच्चे का शव मिलते ही मां का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। वहीं घटना से विद्यालय परिसर के साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया। सूचना पर रानी की सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी में जुट गई। मृतक की एक बहन बतायी गई है जो वाराणसी स्थित घर पर रह कर पढ़ती है। वहीं मृतक रानी की सराय स्थित एक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था।