सेठवल स्थित जेपीआर गर्ल्स कालेज की ओर से बाकीपुर गांव में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के विशिष्ट शिविर में शामिल छात्राओं ने शनिवार को यातायात जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान छात्राओं ने लोगों से यातायात के नियमों का पालन कर खुद व दूसरों की भी जिंदगी बचाने की अपील की।
रासेयो की स्वयंसेविकाओं की रैली को प्रबंधक शैलेश कुमार राय एडवोकेट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली गांव से निकालकर रानी की सराय बाजार, कस्बा सहित विभिन्न क्षेत्रों में गई। छात्राएं हाथों में विभिन्न प्रकार के स्लोगन लिखी हुई तख्तियां लिए चल रही थी। छात्राओं लोगों से सड़क दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहायता, ओवरलोड वाहन न चलाने की अपील की। हाथों में नारे लिखी तख्तियों के माध्यम से बताया कि यातायात के नियमों की अनदेखी भारी पड़ सकती है। भोजनावकाश के बाद दूसरे सत्र में ‘सड़क सुरक्षा के उपाय’ पर गोष्ठी में मुख्य अतिथि पूर्व प्राचार्य व शिब्ली नेशनल कालेज के विधि विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. इस्तेयाक अहमद ने कहा कि बाइक सवार चालक हेलमेट का प्रयोग जुर्माना से बचने के लिए नहीं बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए करें। कहा कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं। तीव्र गति से वाहन चलाने से आप स्वयं सहित दूसरों के जान को जोखिम में डालते हैं। संगोष्ठी को शैलेश कुमार राय एडवोकेट, डॉ. अजय कुमार गौतम, डॉ. अनीता दूबे, गोविंद गिरी, सुषमा राय आदि ने संबोधित किया। संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपिका यादव ने किया।