पवई। पवई थाना की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुलेमापुर निर्माणाधीन सिक्सलेन हाइवे पुलिया के पास रविवार की भोर में चोरी के सामान संग पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने बोरे में रखे 83 पीस गाटर क्लैंप बरामद किया, जो पुल बनाने में प्रयोग किया जाता है। चोरों ने इसके पूर्व भी चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
पवई थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि रविवार की भोर में जरिए मुखबिर सूचना मिली कि सुलेमापुर निर्माणाधीन सिक्सलेन हाईवे पुलिस के पास कुछ संदिग्ध लोग टेंपो में बैठे हैं। सूचना मिलते ही वह एसआई मनोज विश्वकर्मा और मय फोर्स के साथ बताए हुए स्थान पर जा धमके। पुलिस को देख टेंपो में बैठे लोग भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर टेंपो में बैठे पांच लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों के पास से एक बोरा मिला जिसमें 83 पीस गाटर क्लैंप रखे गए थे। जिसे सिक्स लेन के पुल बनाने में प्रयोग किया जाता है। पकड़े गए लोगों में टेंपो चालक लल्लन यादव, विपिन पांडेय, प्रवीण सिंह, रवी पांडेय व रिंकू पांडेय शामिल हैं। यह सभी लोग पवई थाना के चकिया गांव के रहने वाले हैं। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल किया कि वह गाटर क्लैंप चोरी कर पवई के एक कबाड़ी के यहां 26 रुपये किलो की दर से बेचने जा रहे थे। इसे सिक्सलेन के साइड से चुराया गया है। आरोपियों ने बताया कि पहले भी तीन बार कबाड़ी के यहां सामान बेच चुके हैं। पकड़े गए समान का वजन लगभग चार क्विंटल बताया जा रहा है। अब पुलिस कबाड़ी की तलाश में जुट गई है।