जिले में 17 व 18 फरवरी को होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के प्रवेश पत्र में गड़बड़ियां सामने आई हैं। पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से जारी प्रवेश पत्र में त्रुटियों से परीक्षार्थियों में असमंजस है। इसकी बानगी फूलपुर तहसील क्षेत्र में देखने को मिला। जहां जनता इंटर कॉलेज अंबारी के स्थान पर जनता इंटर कॉलेज बेलसिया छपा है। जिससे अभ्यर्थियों को काफी परेशानी हो रही है।
जानकारी के मुताबिक जनपद जिले में 68 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें फूलपुर तहसील के जनता इंटर कॉलेज अंबारी को भी शामिल किया गया है। इस परीक्षा केंद्र पर एलाट परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पर जनता इंटर कॉलेज अंबारी की जगह जनता इंटर कॉलेज बेलसिया छपा होने से अभ्यर्थी परेशान हैं। जबकि जनता इंटर कॉलेज अंबारी की हर पाली में 384 अभ्यर्थियों का एलॉटमेंट किया गया है। सबके प्रवेश पत्र पर जनता इंटर कॉलेज अंबारी की जगह जनता इंटर कॉलेज बेलसिया दर्ज है। प्रधानाचार्य के मोबाइल पर लगातार अभ्यर्थी फोन कर विद्यालय की लोकेशन पूछ रहे हैं। प्रधानाचार्य हरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि छोटी सी गलती से लगातार फोन आ रहे हैं।