जिला अस्पताल में घूमते कुत्ते।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। शासन प्रशासन डेंगू के बढ़ते प्रकोप को लेकर लगातार साफ-सफाई व एंटी लार्वा आदि के छिड़काव का दिशा निर्देश दे रहा है। बीमार लोग सदर अस्पताल पहुंच कर इलाज करा रहे है और यहीं लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है। परिसर में जगह-जगह गंदगी है तो वहीं आवारा कुत्ते पूरे परिसर में घूमते नजर आ रहे है। इस बाबत सीएमओ से बात की गई तो उन्होंने भी जिला अस्पताल में व्याप्त दुर्व्यवस्थाओं की जानकारी होने की बात कही और जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
मच्छर जनित रोगों डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए विभाग पूरे जिले में स्वच्छता अभियान और मच्छर रोधी दवाओं के छिड़काव का ढ़िढोरा पीट रहा है। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के बगल में ही स्थित जिला अस्पताल के कई वार्डों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इतना ही नहीं परिसर में डॉक्टर व कर्मचारियों से अधिक तो आवारा कुत्ते भ्रमण करते नजर आते है। वर्तमान में जिला ही नहीं पूरा पूरा प्रदेश डेंगू और मलेरिया से जूझ रहा है। बुखार के मरीजों से अस्पताल पटे हुए है, यह अलग बात है कि जिला प्रशासन डेंगू के सही आंकड़ों को छुपा रहा है, जिसका परिणाम है कि अब तक जिले में आधा दर्जन भर डेंगू के ऑन रिकार्ड मरीज सामने आए हैं। डेंगू व मलेरिया की संभावनाओं को कम करने के लिए शासन ने शहर से लेकर गांव तक स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा मच्छर रोधी दवाओं का छिड़काव करने का निर्देश दिया हुआ है, जिसका कहीं से भी जिला अस्पताल में अनुपालन होता नहीं नजर आ रहा है।
जिला अस्पताल में कुछ दुर्व्यवस्थाएं है, एक दिन पूर्व मैने भी निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाई थी। इस बाबत अस्पताल प्रशासन को व्यवस्था में सुधार का निर्देश दिया गया है। जहां तक अस्पताल में गंदगी व आवारा कुत्तों के चक्रमण की बात है तो निश्चित तौर पर एसआईसी से बात की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
डॉ. आईएन तिवारी, सीएमओ, आजमगढ़।