बलरामपुर। शहर कोतवाली के कदमघाट निवासिनी एक युवती ने बृहस्पतिवार को दिन में छत के चुल्ले से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना का कारण ज्ञात नहीं हो सका है।
कदमघाट मुहल्ला निवासिनी 21 वर्षीया वंदना सोनकर पुत्री रमेश सोनकर बृहस्पतिवार को दिन में लगभग दो बजे घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसने एक कमरे में छत के चुल्ले से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा लिया। शाम चार-पांच बजे के लगभग परिजन जब घर पहुंचे तो उसे फंदे पर लटकता देखा तो उनके होश ही उड़ गए। आनन-फानन में उसे फंदे से उतार कर दलालघाट तिराहे पर स्थित एक प्राइवेट डॉक्टर के पास ले जाया गया जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पहले तो परिजन पोस्टमार्टम से मना कर रहे थे। बाद में लोगों के समझाने पर शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना का कारण ज्ञात नहीं हो सका है। मृतका के दो भाई व दो बहन बताए गए हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।