अहरौला थाने के निरीक्षण के दौरान अभिलेखों जांच करते डीआईजी अखिलेश कुमार और एसपी अनुराग आर्य।
- फोटो : AZAMGARH
अहरौला। डीआईजी अखिलेश कुमार व पुलिस अधीक्षक अनुराग कुमार आर्य सोमवार को अहरौला थाने का वार्षिक निरीक्षण करने पहुंचे। जिन्हें थाना परिसर में गार्ड आफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उनके द्वारा थाने का वार्षिक निरीक्षण किया गया। गार्ड ऑफ ऑनर की प्रक्रिया में लापरवाही मिलने पर डीआईजी ने आरक्षियों को इसकी प्रक्रिया बताई। साथ ही फरियादियों से कैसे मिलना चाहिए, इसको लेकर उन्होंने टिप्स दिए। उन्होंने थाना परिसर में मुकम्मल साफ-सफाई, सोशल डिस्टेसिंग को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी अखिलेश कुमार व पुलिस अधीक्षक अनुराग कुमार आर्य सोमवार को करीब दो बजे अहरौला थाने का वार्षिक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आरक्षियों से जुड़ी उनकी दिनचर्या और वह कैसे अपने क्षेत्र में काम करते हैं और उन्हें कैसे काम करना चाहिए, फरियादियों से उन्हें कैसे मिलना चाहिए, इसे लेकर उन्होंने टिप्स दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में रखे विभिन्न रजिस्टर का एक-एक करके उन्होंने जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने चौकीदारों की बात सुनी और उनकी समस्याएं जानी। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबर को थाना व एसपी को अवगत कराएं। इसके बाद डीआईजी अखिलेश कुमार और एसपी अनुराग आर्य आवास का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां आवास में कई जर्जर भवन मिलने पर उन्होंने व्यवस्था में सुधार के लिए निर्देश दिए। वहीं थाने में पड़ी 2013 से अब तक सैकड़ों पुरानी गाड़ियों की नीलामी को लेकर भी निर्देश दिए। वहीं थाने की बाउंड्रीवाल को बनवाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा। डीआईजी प्रबुद्घजनों से मिले और उनसे सुझाव लिए। साथ ही सुरक्षा को देखते हुए छोटी-छोटी बाजारों में जनसहयोग से पुलिस बूथ का आश्वासन दिया। उन्होंने अहरौला थाना के सीयूजी नंबर को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में बढ़ी चोरी की घटनाओं को पर्दाफाश करने के लिए निर्देश दिए। डीआईजी ने बताया कि थाने में चौकीदारों की 13 जगह खाली हैं। इसे तत्काल भरने के लिए हमने निर्देशित किया है। इस मौके पर एडिशनल एसपी सिद्धार्थ नाथ, सीओ गोपाल स्वरूप बाजपेई सहित थानाध्यक्ष और तमाम स्टाफ मौजूद रहे।