शहर के मोहठी घाट पर महंगाई के विरोध में प्रदर्शन करते सपा कार्याकर्ता।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। सपा युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को तेजी से बढ़ी महंगाई व डीजल-पेट्रोल के दाम में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ मोहटी घाट पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने तमसा नदी के जल में खड़े होकर जल सत्याग्रह करते हुए विरोध दर्ज कराया।
रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। जिसके चलते महंगाई भी बढ़ती जा रही है। दो दिनों पूर्व ही रसोई गैस की कीमत में एक मुश्त 25 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं पेट्रोल व डीजल के दाम भी आसमान छू रहे है। रसोई गैस, पेट्रोल व डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी के चलते मालभाड़ा बढ़ गया है और हर सामान महंगा हो गया है। इसके विरोध में समाजवादी पार्टी युवजन सभा के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लालजीत यादव के नेतृत्व में युवाओं ने शुक्रवार को मोहटी घाट पर तमसा के पानी में खड़े होकर विरोध प्रदर्शन करते हुए जल सत्याग्रह किया। लालजीत यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चो पर विफल है। प्रतिदिन डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ रहे है तो वहीं दो दिन पूर्व ही रसोई गैस का दाम 25 रुपये बढ़ा दिया गया, जिससे प्रति सिलिंडर का दाम अब 950 रुपये हो गया है। उज्ज्वला गैस कनेक्शन जिन्हें मिला है, उन्हें सब्सिडी नहीं मिल रही है। महंगाई से आम जनता परेशान है। व्यापारियों को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार गरीबों का शोषण कर रही है। इस अवसर पर आशीष यादव, विवेक कुशवाहा, अवनीश यादव, बृजेश, रोमी साहनी, कमलेश, पवन, धर्मराज, प्रदीप, ओमकेस, सोनू, उस्ताद, धीरेंद्र, आकाश आदि मौजूद रहे।