शहर कोतवली क्षेत्र के बंशी बाजर पकड़िया गांव में कुएं में मिला बालक का शव ग्रामीणो की भीड़।
- फोटो : ballia
आजमगढ़। सोमवार शाम से लापता मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गांव महरूपुर निवासी छात्र का शव मंगलवार सुबह शहर कोतवाली क्षेत्र के पकड़िया स्थित कुएं से मिलने से सनसनी फैल गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। प्रथमदृष्टया में मामला कहीं और हत्या कर शव यहां लाकर फेंकने का लग रहा है। फिलहाल मामले की तहरीर नहीं मिली है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के महरूपुर गांव निवासी संतोष (13) पुत्र स्व. शिवभगत यादव प्राथमिक विद्यालय में छठवीं कक्षा का छात्र है। सोमवार दोपहर को वो स्कूल से घर आया था। शाम साढ़े चार बजे वो अपने भाई सिनोज के पास सिही बाजार गया था।
भाई ने उसे केला खरीद कर घर के लिए भेज दिया। शाम छह बजे सिनोज घर पर आया तो मां संता देवी से भाई के बारे में पूछा। मां ने बताया कि वो अभी घर नहीं पहुंचा है। परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। भाई सिनोज के अनुसार रात 11 बजे मामले की सूचना सौ नंबर पर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। सिनोज ने बताया कि वो सठियांव स्थित अजय यादव के भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाता है। उसने मामले की सूचना अपने एक रिश्तेदार अजय यादव को दी। अजय यादव ने उसे बताया कि गोरखपुर में रहने वाले तांत्रिक (सोखा) 10 हजार रुपये लेकर उसके भाई के बारे में बता देगा। रुपये देने पर अजय ने फोन पर तांत्रिक से बात कराई। तांत्रिक ने उसे बताया कि वंशी बाजार-ककरहटा मार्ग पर कुएं में उसके भाई का शव पड़ा है।
तांत्रिक की सूचना पर मंगलवार की सुबह परिजन वंशी बाजार-ककरहटा मार्ग स्थित जीयनपुर कोठरा के मौजा पकड़िया स्थित कुएं के पास पहुंचे। सिनोज के अनुसार वहां पास में ही संतोष की चप्पल पड़ी मिली जैसा कि तांत्रिक ने बताया था। कुएं में देखने पर उसकी लाश नजर आई। परिजन कुएं से लाश निकालने की कोशिश कर रहे थे कि ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। सूत्रों की माने को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि अभी मामले में तहरीर नहीं मिली है।