अहरौला। विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते शनिवार की सुबह दस बजे खेत में घास काटने गई महिला की करेंट लगने से मौत हो गई। टूटकर गिरे नंगे तार पर उसका पैर पड़ने की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाने लगी। इस पर परिवार और गांव के लोगों ने शव को रोक दिया। तत्काल मुआवजे की मांग करते हुए सक्षम अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
मृत महिला सलूटा देवी (45) पत्नी पन्नालाल निषाद अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव के निषाद बस्ती की रहने वाली थी। शनिवार की सुबह करीब दस बजे वह घास काटने के लिए खेत जा रही थी। रास्ते में टूटकर गिरे बिजली करे नंगे तार पर सलूटा का पैर पड़ने से करेंट लग गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने दो दिन पूर्व टूटकर गिरे तार की सूचना बिजली विभाग को दिए थे। लेकिन विभाग ने मरम्मत नहीं की। अहरौला थाने की पुलिस ने लाश को कब्जे में लेने की कोशिश किया, पर ग्रामीणों ने रोक दिया। लोग तत्काल मुआवजा देने की मांग करते हुए सक्षम अधिकारी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक डा. संग्राम यादव और एसडीओ बूढ़नपुर मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों को नहीं मना सके। शाम करीब साढ़े पांच बजे तक कोई सक्षम अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच सका था। लाश दरवाजे पर रखकर लोग इंतजार कर रहे थे।