आजमगढ़। शहर के सिविल लाइंस मुहल्ले में स्थित एक एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे मनबढ़ों ने मंगलवार की रात साढ़े नौ बजे सुरक्षा गार्ड को मारपीटकर घायल कर दिया। साथ ही पथराव कर एटीएम केबिन का शीशा आदि तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती की आरोपी फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मनबढ़ों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है।
यूनियन बैंक के एलडीएम संतोष सिंह के मुताबिक शहर के सिविल लाइंस मुहल्ले में स्थित घंटाघर चौराहे के पास एटीएम स्थित है। जहां एटीएम की सुरक्षा के लिए गार्ड नियुक्त किया गया है। मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे चार से पांच की संख्या में कुछ युवक पहुंचे और एक साथ केबिन में प्रवेश करने लगे। इस दौरान गार्ड उन्हें मना करते हुए बोला कि एक आदमी का काम पूरा होने के बाद ही दूसरा भीतर प्रवेश करे। इसी बात से नाराज मनबढ़ों ने एटीएम गार्ड को पीटकर घायल कर दिया। वह इनसे अपनी जान बचाने के लिए भागकर केबिन में घुस गया तो मनबढ़ ईंट पत्थर और ठंडा की बोतल फेंककर केबिन का कांच आदि तोड़कर नष्ट कर दिया। इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। साथ ही गार्ड ने घटना की सूचना शाखा प्रबंधक उपेंद्र को दी। उन्होंने डायल 100 कर पुलिस को सूचना दिया तो कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड है। जिसका फुटेज पुलिस को दे दिया गया। उसी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। सीओसिटी अजय कुमार यादव ने बताया कि घटना की रिपोर्ट अभी नहीं दर्ज है। आरोपियों की तलाश की जा रही।