बिंद्राबाजार। एसपी अजय कुमार साहनी ने रविवार को गंभीरपुर थाने का मुआयना किया। इस दौरान थाना परिसर में गंदगी देख नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौधरी को फटकार लगाई। साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पूरे थाना परिसर का भ्रमण करते हुए आरक्षी आवास, थाने में मुकदमों से जुड़े खड़े वाहन, बाउंड्रीवाल आदि का मुआयना करने के बाद थाने के माल गोदाम में पहुंचकर अभिलेखों के रखरखाव आदि को देखा। शस्त्रों के रखरखाव, कंप्यूटर कक्ष आदि के विषय में विधिवत जानकारी ली। निरीक्षक के दौरान थाना स्टाफ में हडक़ंप की स्थिति मची हुई थी। अधिकारियों के जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। शाम साढ़े तीन बजे गंभीरपुर थाने पहुंचे एसपी अजय कुमार साहनी करीब डेढ़ घंटे तक थाने का मुआयना करने के बाद लौट गए। इस दौरान थाने पर एसपीसिटी सुभाष चंद्र गंगवार, सीओ सदर मो. अकमल खां के अलावा थाने का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।