जेल में बंद एलाइड इंफ्रा की एमडी प्रिया शर्मा को टोल प्लाजा शिफ्टिंग के मामले में दर्ज मुकदमे में किच्छा पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। सोमवार को किच्छा पुलिस एसीजेएम कोर्ट रुद्रपुर में रिमांड के लिए आवेदन करेगी। पुलिस की कोशिश है कि प्रिया को रिमांड में लेकर मुकदमे से संबंधित दस्तावेज बरामद कराए जा सकें।
दरअसल जेल में बंद प्रिया शर्मा पर जमीनों की धोखाधड़ी सहित अन्य मामलों में छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। किच्छा थाने में टोल प्लाजा शिफ्टिंग मामले में करोड़ों रुपयों का मुआवजा हासिल करने को लेकर फर्जी दस्तावेज बनाने का मुकदमा भी है। प्रिया ने टोल प्लाजा शिफ्टिंग का आदेश होने पर एनएच की जद में आई जमीनों को खरीद लिया था। तत्कालीन एसएलओ डीपी सिंह के साथ मिलकर फर्जी कागजों के आधार पर करोड़ों रुपयों की मुआवजा लेने की कोशिश की थी।
इस मामले में जांच कर रहे किच्छा थाने के एसओ मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि प्रिया को रिमांड में लेने के लिए सोमवार को कोर्ट में आवेदन दाखिल किया जाएगा। इधर एसआईटी जेल में बंद निलंबित पीसीएस अफसर सहित छह आरोपियों के खिलाफ सप्लीमेंटरी चार्जशीट तैयार करने में जुटी है। एसआईटी की कोशिश है कि चार्जशीट में कोई कमजोरी न हो, जिसका फायदा आरोपियों को मिल सके। माना जा रहा है कि इसी हफ्ते चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी जाएगी।