सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी गांव में स्थित पुलिया के नीचे शनिवार की सुबह नवजात बच्ची की हत्याकर फेंकी हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिलरियागंज-जीयनपुर मुख्य मार्ग पर मालटारी गांव स्थित है। गांव के बाहर पुलिया के नीचे कोई नवजात बच्ची की हत्या कर उसकी लाश फेंककर फरार हो गए। शनिवार की सुबह गांव के लोग उस तरफ गए तो बच्ची की लाश को देखा। चद्दर में लपेटकर फेंकी गई बच्ची के कान और सिर पर चोट के निशान थे। रक्तस्राव हो रहा था। बगल में डंडा पड़ा हुआ था। जिससे लग रहा कि आरोपी हत्या करने के बाद उसकी लाश यहां फेंककर फरार हो गए। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गरम है। सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह ने बताया कि लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया। पुलिस आरोपियों का पता लगा रही है।