आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के ठंडी सडक़ विवेकानंदे नगर कालोनी मुहल्ला निवासी राजेश कुमार सिंह ने मंगलवार को थाने में मोबिल गोदाम मालिक आलोक जायसवाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। उनका आरोप है कि आरोपी अवैध तरीके से आबादी वाले मुहल्ले में गोदाम बनाकर भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण किया था। जिसमें 23 फरवरी की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से ना केवल मुहल्ले के लोगों में दहशत मच गई। बल्कि राजेश कुमार सिंह का मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
बता दें कि विवेकानंद कालोनी मुहल्ला निवासी आलोक जायसवाल पुत्र स्व. शंभूनाथ जायसवाल का मुहल्ले में अवैध तरीके से मोबिल, ब्रेक आयल और ग्रीस आयल का गोदाम बनाया हुआ था। यह गोदाम राजेश सिंह के मकान से सटा हुआ था। 23 फरवरी की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में गोदाम में आग लगने से हडक़ंप मच गया। फायर विभाग की छह गाडिय़ां मिलकर तीन घंटे की अथक परिश्रम के बाद किसी तरह से आग की इस घटना पर काबू पाए। सीओसिटी सच्चिदानंद ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।