आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के गौरीनरायनपुर गांव निवासी एक लड़का जो चाइल्ड एकेडमी उसर आइमा फरेंदा में पढ़ता था। 21 नवंबर को वह घर से साइकिल लेकर निकला लेकिन अभी तक घर नहीं लौटा। इस पर लड़के के चाचा ने विद्यालय के प्रबंधक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है।
गौरी नरायनपुर गांव निवासी राजेश मौर्य का 11 वर्षीय पुत्र आदर्श मौर्या क्षेत्र के चाइल्ड एकेडमी, उसर आईमा का मैदान फरेंदा में कक्षा छह का छात्र है। स्कूल में वह अक्सर शरारत करता था। जिसकी शिकायत अक्सर कालेज प्रशासन की ओर से परिजनों से की जाती थी। अभिभावक मीटिंग के दौरान उसकी मां संगीता जब विद्यालय पहुंची तो कालेज के प्रधानाचार्य द्वारा उसकी शिकायत की गई। इस पर मां ने बेटे को घर आने पर समझाने की बात कही। इतना कहने के बाद मां घर लौट आई। आदर्श छुट्टी होने के बाद घर पहुंचा और साइकिल लेकर घर से लापता हो गया। काफी छानबीन के बाद भी जब वह नहीं मिला तो आदर्श के चाचा सुरेश मौर्या ने कालेज के प्रधानाचार्य हरीश पांडेय के खिलाफ अपहरण की तहरीर दी। एसओ सरिता सिंह ने बताया कि आदर्श के चाचा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और लापता छात्र की तलाश की जा रही है। ब्यूरो